जोधपुर अग्निकांड के बाद भादरा के फायर कर्मचारियों ने उठाई सुरक्षा की आवाज, मृतक आश्रितों को सहायता व अनुकम्पा नियुक्ति व शहीद का दर्जा देने की मांग
भादरा। नगर पालिका भादरा के फायर सेवा में समस्त फायर कार्यरत कर्मचारियों ने फायर कर्मचारियों की सुरक्षा, ड्यूटी के दौरान हादसे में मृत कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक सहायता तथा पात्र आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति देने व शहीद का दर्जा देने की मांग को लेकर उपखण्ड अधिकारी एवं विधायक संजीव बेनीवाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 23 सितंबर को जोधपुर के बासनी क्षेत्र में केमिकल फैक्ट्री में हुई अग्नि दुर्घटना का उल्लेख करते हुए बताया गया कि आग बुझाने एवं राहत कार्य के दौरान थीनर, लिकर व सीलर के ड्रमों में ब्लास्ट होने से आग अचानक तेजी से फैल गई। हादसे में नगर निगम के स्थायी एवं प्रोबेशन अवधि के फायरमैन सहित ठेके पर कार्यरत फायरमैन व जीप चालक समेत 13 कर्मचारी झुलस गए, जिनमें कई कर्मचारी गंभीर अवस्था में चिकित्सालय में भर्ती हैं। फायर कर्मचारियों ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं यह स्पष्ट करती हैं कि आग बुझाने एवं रेस्क्यू कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षण एवं दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सहायता की व्यवस्था बेहद जरूरी है। फायर कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर आमजन की जान-माल की रक्षा करते हैं, ऐसे में उनके तथा उनके परिवारों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि बासनी की फायर सेवा में ड्यूटी के दौरान दो कर्मचारियों की मृत्यु हो चुकी है। कर्मचारियों ने मृतक कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को सरकार एवं संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार देय सभी लाभ दिलाने तथा पात्र आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति/स्थायी रोजगार प्रदान करने की मांग की। इसके साथ ही फायर सेवा में कार्यरत सभी कर्मचारियों को आधुनिक एवं पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाने, ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने पर तत्काल आर्थिक सहायता एवं उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग रखी गई। ज्ञापन में मृतक कर्मचारियों के परिवारों को एक करोड़ रुपये तथा ड्यूटी के दौरान घायल कर्मचारियों के परिवारों को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग भी की गई। फायर कर्मचारियों ने प्रशासन एवं स्वायत्त शासन विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने तथा फायर सेवा में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा और उनके परिवारों के हितों को सुनिश्चित करने की मांग की।
फोटो: विधायक बेनीवाल को ज्ञापन देते