महात्मा गांधी जयंती पर टीम निफा शिमला ने चलाया स्वच्छता अभियान
Kullu Times
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर टीम निफा शिमला ने बुशहर छात्र कल्याण संघ एवं माय भारत शिमला के स्वयंसेवकों के सहयोग से शिमला रिज से जाखू हनुमान मंदिर तक स्वच्छता अभियान चलाया।
कार्यक्रम की शुरुआत शिमला रिज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर सर्वप्रथम महामहिम राज्यपाल द्वारा पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात निफा संस्था के सदस्यों द्वारा भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए।
इसके बाद स्वच्छता अभियान के कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा सदस्य एवं समाजसेवी संजय सूद द्वारा किया गया। उन्होंने टीम निफा शिमला एवं बुशहर छात्र कल्याण संघ के सदस्यों को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखना केवल किसी संस्था या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इस प्रकार की मुहिम समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करती है।
यह स्वच्छता अभियान अवंतिका पामटा एवं साहिल सूद की देखरेख में आयोजित किया गया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने शिमला रिज से जाखू हनुमान मंदिर तक पूरे मार्ग पर स्वच्छता कार्य करते हुए लगभग 10 से 15 बैग कूड़ा-कचरा एकत्रित किया।
अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों की सफाई करने के साथ-साथ आम नागरिकों एवं पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। स्वयंसेवकों ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील की।
माय भारत शिमला के उपनिदेशक विपिन ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जिम्मेदारी और आदत होनी चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो समाज और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। इस अभियान में बुशहर छात्र कल्याण संघ एवं सहयोगी टीम से
रोहित, अंतरिक्ष मेहता, निशांत शर्मा, गौरव शर्मा, गौरव पठानिया, अजय चौहान, श्रुति, आरती, एंजेल, कार्तिक गुप्ता, हितेश गुप्ता एवं पंकज निल्टू व टीम निफा से अवंतिका पामटा एवं साहिल सूद मुख्य रूप से मौजूद रहे।
अभियान के सफल आयोजन में सभी स्वयंसेवकों एवं सहयोगी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। टीम निफा ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए आम जनता से स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों को कूड़ा-मुक्त रखने की अपील की।
Kullu, Kullu | Oct 2, 2026