चांदन डैम का डीएम ने किया निरीक्षण, पर्यटन की संभावनाएं तलाशने का निर्देश
बांका। जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने चांदन डैम का निरीक्षण कर जल संग्रहण, जल उपयोग एवं सिंचाई व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल, बौंसी मौजूद रहे।
डीएम ने सबसे पहले चांदन डैम स्थित निरीक्षण भवन का जायजा लिया। इसके बाद डैम का अवलोकन करते हुए उपलब्ध जल का सिंचाई में उपयोग और व्यवस्था की जानकारी ली। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि डैम में उपलब्ध जल का उपयोग क्षेत्र में सिंचाई के लिए किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी ने जल के समुचित उपयोग और सिंचाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को नियमित निगरानी करते हुए उपलब्ध जल संसाधन का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान चांदन डैम क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को वन विभाग से समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं तलाशने और आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि चांदन डैम क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
Amarpur, Banka | Aug 19, 2026