विधानसभा अध्यक्ष ने शासकीय महाविद्यालय दिमनी के भवन की रखी आधारशिला
14 करोड़ 99 लाख 47 हजार रुपये की लागत से होगा भवन निर्माण, दिमनी क्षेत्र में दो नवीन सांदीपनि विद्यालय और आईटीआई भी खोली जाएगी
विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने गुरुवार को दिमनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दिमनी में 14 करोड़ 99 लाख 47 हजार रुपये की लागत से निर्मित होने वाले शासकीय महाविद्यालय भवन की आधारशिला रखी। इस अवसर पर मुरैना-श्योपुर सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती गुर्जर, महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाह, समाजसेवी डॉ. योगेशपाल गुप्ता, पूर्व मंत्री श्री मुंशीलाल सहित महाविद्यालय के स्टाफ एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि दिमनी विधानसभा क्षेत्र में शासकीय महाविद्यालय खोलने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। महाविद्यालय भवन का निर्माण पूर्ण होने पर क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए अंबाह, मुरैना और ग्वालियर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे विद्यार्थियों का समय और आवागमन पर होने वाला व्यय भी बचेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय प्रारंभ किए जा रहे हैं। दिमनी विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में दो सांदीपनि विद्यालय संचालित हैं। क्षेत्र में दो नवीन सांदीपनि विद्यालय और खोले जाएंगे, जिससे यहां सांदीपनि विद्यालयों की संख्या बढ़कर चार हो जाएगी। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भी खोली जाएगी। इससे विद्यार्थियों एवं युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध होंगे।
सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है। दिमनी विधानसभा क्षेत्र में आम रास्तों के विकास के साथ जीर्ण-शीर्ण भवनों तथा अन्य शासकीय भवनों के सुदृढ़ीकरण के कार्य भी किए जा रहे हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए गए हैं। इससे कृषि कार्यों के लिए बिजली की उपलब्धता बेहतर बनाने और किसानों को सिंचाई में सुविधा प्रदान करने में सहायता मिलेगी।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh Narendra Singh Tomar
Morena, Madhya Pradesh | Oct 22, 2026