पशुपालन राज्यमंत्री लखन पटैल ने ग्राम सूखा में सामुदायिक भवन एवं सीसी सड़क का किया भूमिपूजन
दमोह/पथरिया। प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटैल ने ग्राम सूखा में सामुदायिक भवन एवं सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को विकास कार्यों की सौगात देते हुए कहा कि क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं और आवश्यक सभी परियोजनाएं चरणबद्ध रूप से पूर्ण कराई जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री पटैल ने कहा कि बरसात से पूर्व सड़कों का लेवल सुधारने के साथ ही किसानों की मांग पर खजरी सड़क का निर्माण भी स्वीकृत कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़कों, स्कूलों और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर सरकार का विशेष ध्यान है।
इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण को सशक्त बनाता है बल्कि मातृ सम्मान का भी प्रतीक है।
राज्यमंत्री पटैल ने कहा कि पथरिया विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्र में चार डैम पहले ही पूर्ण हो चुके हैं, वहीं 122 करोड़ रुपये की लागत से एक नए बैराज का भूमिपूजन हाल ही में किया गया है। साजिली, जूड़ी, पंचमनगर और सीतानगर में डैम निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।
उन्होंने बताया कि लगभग 42 से 43 गांवों की 20 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा देने के लिए पांचवें डेम ‘दुनय धाम’ को स्वीकृति मिल चुकी है, जिसका कार्य आगामी समय में प्रारंभ होगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले वर्षों में क्षेत्र में शत-प्रतिशत सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
Damoh, Damoh | Jun 7, 2026