स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट महाविद्यालय, मनेंद्रगढ़ में जिला स्तरीय समर कैंप का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न पीएम श्री विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा दस दिवसीय समर कैंप के दौरान तैयार की गई हस्तकलाओं, शिल्प कृतियों, कलात्मक मॉडलों एवं क्राफ्ट सामग्री की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने योग, संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर.पी. मीरे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री विपिन पाण्डेय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेंद्रगढ़ के प्राचार्य श्री संजीव कुमार तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय मनेंद्रगढ़ के प्राचार्य श्री आर.के. शर्मा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, चंदन वंदन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पौड़ीडीह की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके पश्चात पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला चनवारीडांड के बच्चों ने राज्य गीत की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला खैरबना की छात्रा द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने भी उपस्थित जनों का मन मोह लिया।
#chhattisgarh #mcbdistrict