🔳सर्पदंश को लेकर समाजसेवियों ने ग्रामीणों को किया जागरूक
🔳झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचाने की दी समझाइश
🔳कटनी - सर्पदंश के बाद अंधविश्वास के चलते झाड़-फूंक के चक्कर में कीमती समय गंवाने से कई बार पीड़ित की जान पर बन आती है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस अंधविश्वास को दूर करने और सर्पदंश के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए समाजसेवियों ने अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में रविवार को समाज सेवा विकास संस्था कटनी की टीम ने बड़वारा क्षेत्र के सुदूर एवं संवेदनशील ग्रामीण इलाकों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।
*घर-घर पहुंचकर दी सर्पदंश से बचाव की जानकारी*
संस्था के कार्यकर्ताओं ने बड़वारा जनपद के लखाखेरा, बाजरवारा, सलैया, ठूठीया, भदावर, नेगवा और गुड़ा सहित कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को जागरूक किया। टीम ने मनरेगा में कार्यरत महिला-पुरुष मजदूरों, खेतों में काम कर रहे किसानों और अन्य ग्रामीणों को एकत्र कर सर्पदंश से बचाव तथा प्राथमिक उपचार के संबंध में जानकारी दी।
समाजसेवियों ने ग्रामीणों को बताया कि सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या तांत्रिक के पास जाने के बजाय पीड़ित को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल ले जाना चाहिए। अस्पताल में एंटी-वेनम (एंटी-स्नेक वेनम) उपलब्ध रहता है और समय पर चिकित्सकीय उपचार मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है।
*मानसून में बढ़ता है सर्पदंश का खतरा*
अभियान की अगुवाई कर रहीं समाजसेवी सावित्री केवट ने बताया कि उनकी टीम बड़वारा क्षेत्र के दर्जनों गांवों में लगातार सर्पदंश के प्रति लोगों को जागरूक कर रही है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष मानसून से पहले ही अभियान शुरू कर दिया जाता है, क्योंकि बारिश के मौसम में सांपों के बिलों से बाहर निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सही जानकारी के अभाव और अंधविश्वास के कारण ग्रामीणों की जान जाने से रोकना है।
*मरीज को जल्द अस्पताल पहुंचाना जरूरी*
समाजसेवियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी कि सर्पदंश की स्थिति में किसी भी तरह के अंधविश्वास में पड़कर समय बर्बाद न करें। जहरीले सांप के काटने के बाद उपचार में देरी होने से स्थिति गंभीर हो सकती है। इसलिए पीड़ित को बिना समय गंवाए चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे झाड़-फूंक के बजाय डॉक्टरों और स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा करें।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
5 views | Katni, Madhya Pradesh | Sep 20, 2026