जनगणना 2027 के स्व-गणना अभियान का शुभारंभ, प्रचार वाहन रवाना
हरदोई। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत स्व-गणना कार्य का सोमवार को शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित कार्यशाला एवं कार्यक्रम में प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्व-गणना अभियान की शुरुआत की।
इस दौरान मंत्री रजनी तिवारी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को स्व-गणना की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। कार्यशाला में बताया गया कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए जनगणना से जुड़ी अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए लोगों को जागरूक करने और अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनगणना 2027 के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
Hardoi, Hardoi | Nov 16, 2026