#भरतपुर। नदबई उप तहसील मुख्यालय लखनपुर स्थित विद्युत सबस्टेशन की बदहाल व्यवस्थाओं और अधिकारियों की अनुपलब्धता से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। समाजसेवी एडवोकेट महेश लखनपुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सबस्टेशन पर प्रदर्शन कर व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि लखनपुर सबस्टेशन के कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) विशाल चौधरी को पिछले छह महीने से उच्चैन सबस्टेशन का अतिरिक्त प्रभार दिया हुआ है, जिसके कारण वे यहां नियमित उपलब्ध नहीं रहते। अधिकारी के न मिलने से उपभोक्ताओं को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए भी 15 किलोमीटर दूर उच्चैन के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इस अव्यवस्था की वजह से क्षेत्र में केबल जलने, क्षतिग्रस्त पोल, ट्रांसफार्मर खराब होने की रिपोर्ट, नए कृषि व घरेलू कनेक्शन और खराब मीटर बदलने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य लंबे समय से अटके हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सबस्टेशन पर नियमित अधिकारी की नियुक्ति कर लंबित कार्यों का निस्तारण नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और उग्र करेंगे।