*सावन में चंवरा के बालाजी के एक ही प्रतिमा में दो रूपों के दिव्य दर्शन*
आकोला (रमेश चंद डाड) मेवाड़ के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल बड़लियास स्थित बेड़च नदी के किनारे विराजमान श्री चंवरा के हनुमान जी महाराज के सावन माह के पावन अवसर पर मंगलवार को विशेष दिव्य दर्शन हुए।
सावन के शुभ अवसर पर मंदिर के पुजारी रोशन वैष्णव द्वारा बालाजी महाराज का विशेष श्रृंगार किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को एक ही प्रतिमा में दो रूपों के दर्शन हुए। बालाजी महाराज के हृदय के अंदर महादेव की मनमोहक छवि नजर आई, जिसने श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
एक ही प्रतिमा में हनुमान जी महाराज के साथ भगवान महादेव के दर्शन होने से मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बन गया। विशेष दर्शन की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु चंवरा के बालाजी मंदिर पहुंचे और दिव्य स्वरूप के दर्शन कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
सावन माह में चंवरा के बालाजी महाराज के इस अद्भुत स्वरूप के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का विशेष केंद्र बने हुए हैं।
Bhilwara, Bhilwara | Aug 25, 2026