मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मां चामुंडा धाम गजनीखेड़ी में ₹22.34 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
बड़नगर में बनेगा फूड प्रोसेसिंग पार्क, भाट पचलाना और इंगोरिया में खुलेंगे सांदीपनि विद्यालय
उज्जैन, 18 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन जिले के मां चामुंडा धाम गजनीखेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में ₹22.34 करोड़ लागत के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में मोरों के संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए नया प्रोजेक्ट लाया जा रहा है। बड़नगर में फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाया जाएगा, जिससे किसानों एवं युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। भाट पचलाना और इंगोरिया में नए सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे। उज्जैन और आगर में आलू प्रसंस्करण की नई यूनिट प्रारंभ हो रही हैं, जो प्रदेश के 35 जिलों के किसानों से आलू खरीदेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के अंतर्गत ₹25 हजार करोड़ के विकास कार्य प्रगतिरत हैं। मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा योजना पुनः प्रारंभ की गई है। दुग्ध सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरों को ₹25 हजार की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर एयर एम्बुलेंस एवं हेली सेवा के माध्यम से निःशुल्क उपचार भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़नगर में कवि प्रदीप सम्मान समारोह आयोजित करने तथा गीता भवन का निर्माण कराने की घोषणा भी की।
इन कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन
ग्राम पंचायत गजनीखेड़ी में मां चामुंडा मंदिर परिसर में 16 कमरों की धर्मशाला, टीन शेड, सामुदायिक भवन, शौचालय, पेयजल टंकी, वाटर रिटेंशन कार्य, सीसी रोड एवं बाउंड्रीवॉल सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवन, सीसी रोड और आरसीसी नाली निर्माण कार्य किए जाएंगे।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए भीड़ावद, मौलाना, बीराखेड़ी, दुनातला, पलदुना एवं बड़िया में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन तथा सिविल अस्पताल बड़नगर के उन्नयन कार्य का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। पीआईयू के अंतर्गत इंडोर स्टेडियम एवं स्विमिंग पूल निर्माण तथा नगर पालिका परिषद बड़नगर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्य भी शामिल हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने नवरात्रि के अवसर पर कन्या पूजन किया तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद रिमोट का बटन दबाकर विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम में सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक बड़नगर श्री जितेंद्र पण्ड्या, विधायक नागदा श्री तेज बहादुर सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमल कुमार देवड़ा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती निर्मला उमराव सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष श्री अभय टोंगया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh Collector Office Ujjain
CM Madhya Pradesh Ujjain Commissioner
Umaria, Madhya Pradesh | Oct 18, 2026