अधौरा में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, प्रधानाध्यापक की अनुपस्थिति पर भड़के मंत्री जमा खान
मौके से ही डीईओ को किया फोन, जांच कर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सह चैनपुर विधायक मो. जमा खान ने कैमूर जिले के अधौरा प्रखंड स्थित पीएम श्री सम्पोषित +2 विद्यालय, अधौरा एवं प्राथमिक विद्यालय, झड़पा का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान पीएम श्री सम्पोषित +2 विद्यालय, अधौरा के प्रधानाध्यापक अनुपस्थित मिले, जिस पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई।
मंत्री मो. जमा खान ने तत्काल मौके से ही जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को दूरभाष पर संपर्क कर पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी विद्यालयों में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी और विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे में शिक्षकों और अधिकारियों की जवाबदेही तय करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को विद्यालयों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और सरकारी संस्थानों में जवाबदेही सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से उनका क्षेत्रीय भ्रमण लगातार जारी रहेगा।