#अरवल में दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं: पटाखा फोड़ते समय टीन का डब्बा फटने से 13 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत
अरवल/बिहार। अरवल जिले के रामपुर चौरम थाना क्षेत्र अंतर्गत अलावल चक गांव में दिवाली के मौके पर एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय मासूम बच्चे की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, अलावल चक गांव निवासी प्रमोद कुमार के 13 वर्षीय पुत्र अभिनाश कुमार दिवाली के अवसर पर अपने घर की छत पर टीन के डब्बे में पटाखा डालकर फोड़ रहे थे। इसी दौरान पटाखे के विस्फोट से टीन का डब्बा टूट गया और उसका एक धारदार टुकड़ा उछलकर बच्चे की गर्दन में जा लगा। टुकड़ा गर्दन को गंभीर रूप से काटते हुए निकल गया, जिससे मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों के सहयोग से घायल बच्चे को तत्काल सदर अस्पताल अरवल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।
परिजन बच्चे को लेकर पीएमसीएच पटना पहुंचे, जहां इलाज के दौरान अभिनाश कुमार ने दम तोड़ दिया।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में दिवाली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। एक छोटी-सी लापरवाही ने परिवार के चिराग को हमेशा के लिए बुझा दिया।
अपील: दिवाली पर पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी भी हालत में टीन के डब्बे या बंद बर्तनों में पटाखे न फोड़ें। आपकी थोड़ी-सी सावधानी किसी मासूम की जिंदगी बचा सकती है। Public ki Awaz Arvind Yadav Public Ki Awaz - News
Arwal, Arwal | Nov 10, 2026