AI एवं FinTech सर्टिफिकेट कोर्स की प्रवेश परीक्षा संपन्न
________________
32 सीटों के लिए 56 विद्यार्थियों ने दी चयन परीक्षा
________________
IIT दिल्ली से ऑनलाइन प्रशिक्षण और प्रमाण-पत्र का मिलेगा अवसर
________________
खरगोन 08 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खरगोन में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत AI एवं FinTech सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा निर्धारित समय पर सफलतापूर्वक संपन्न हुई। दोनों पाठ्यक्रमों में 16-16 सीटें, इस प्रकार कुल 32 सीटों के लिए 56 विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया।
यह पाठ्यक्रम मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग, भोपाल की स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना एवं IIT दिल्ली के मध्य हुए MoU के अंतर्गत IIT दिल्ली द्वारा ऑनलाइन संचालित किया जाएगा। पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को IIT दिल्ली द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी नियमित डिग्री के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं वित्तीय तकनीक जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में अतिरिक्त कौशल हासिल करने का अवसर मिलेगा।
यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों को Value Added Course एवं Skill Enhancement के माध्यम से आधुनिक तकनीक तथा रोजगार की बदलती आवश्यकताओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वर्तमान समय में AI एवं FinTech का शिक्षा, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, व्यवसाय एवं डिजिटल क्षेत्र में महत्व लगातार बढ़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय में पिछले वर्ष भी AI एवं FinTech के 8-8 सीटों वाले पाठ्यक्रम संचालित किए गए थे, जिन्हें विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक पूर्ण किया। पिछले वर्ष के उत्साहजनक अनुभव को देखते हुए इस वर्ष दोनों पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या बढ़ाकर 16-16 की गई है।
प्रवेश परीक्षा के परिणाम एवं निर्धारित चयन प्रक्रिया के आधार पर दोनों पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को आगामी चरण में IIT दिल्ली के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
महाविद्यालय द्वारा परीक्षा के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। परीक्षा निर्धारित समय पर प्रारंभ होकर शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान के मार्गदर्शन में प्रो. गगन पाटीदार, प्रो. हरीश पूरे, प्रो. धर्मेंद्र अलावा, प्रो. विवेक सोलंकी एवं सुश्री श्रेया सेन ने परीक्षा के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Sep 8, 2026