जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय, बौंसी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर का जायजा लिया। परिसर में साफ-सफाई में कुछ कमी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित विद्यालय प्रबंधन को साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर करने तथा परिसर को स्वच्छ रखने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यालय परिसर स्थित लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों के संबंध में जानकारी ली तथा यह जाना कि विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा एवं अन्य विषयों से संबंधित किस प्रकार की पुस्तकें उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुरूप उपयोगी एवं गुणवत्तापूर्ण पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके बाद जिला पदाधिकारी ने विद्यालय की एक कक्षा का निरीक्षण किया, जहां डिजिटल क्लास के माध्यम से कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को पढ़ाया जा रहा था। उन्होंने कक्षा में उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचि एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि पहले अच्छी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को दूर-दराज के स्थानों पर जाना पड़ता था, लेकिन आज डिजिटल शिक्षा के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री एवं विशेषज्ञ शिक्षकों का लाभ अपने विद्यालय एवं घर के नजदीक प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, लक्ष्य के प्रति निरंतर फोकस बनाए रखने तथा अनुशासन के साथ मेहनत करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग विद्यार्थियों के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण है। आज आपके पास जो समय है, उसका सही उपयोग करें, ताकि भविष्य में इस समय का सदुपयोग नहीं कर पाने का आपको अफसोस न हो।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने को प्रेरित किया।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों द्वारा जिला पदाधिकारी को बताया गया कि विद्यालय के एक विद्यार्थी द्वारा संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया है। वहीं, विद्यालय के कुछ विद्यार्थियों ने यहां अध्ययन करते हुए नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षा में भी सफलता प्राप्त की है।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालय में उपस्थित सभी विद्यार्थियों को ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के लिए कहीं जाने की आवश्यकता नहीं है। वे ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर अपनी समस्या से संबंधित आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल के माध्यम से प्राप्त समस्याओं का संबंधित विभागों के माध्यम से नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों को विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन माध्यम के सुरक्षित उपयोग तथा नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में नियमित रूप से जागरूक किया जाए, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक कर सकें।
Banka, Bihar | Aug 18, 2026