12 जुलाई को आयोजित होने वाली अवर निरीक्षक मद्य निषेध प्रारंभिक लिखित परीक्षा की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित।
दिनांक 10.07.2026 को बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या-03/2026 के अंतर्गत अवर निरीक्षक (मद्य निषेध) के रिक्त पदों पर चयन हेतु दिनांक 12.07.2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली प्रारंभिक लिखित परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन के संबंध में जिला पदाधिकारी, शेखपुरा तथा पुलिस अधीक्षक, शेखपुरा की संयुक्त अध्यक्षता में मंथन सभागार, समाहरणालय, शेखपुरा में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ संपन्न कराया जाए तथा बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा निर्गत सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर समय से पूर्व आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, अभ्यर्थियों की सुव्यवस्थित प्रवेश व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही केंद्राधीक्षकों को परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, गोपनीयता एवं समयबद्ध संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने, केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों एवं कदाचार में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी सतर्क एवं सक्रिय रहेंगे तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिले के कुल 08 परीक्षा केंद्रों रामाधीन महाविद्यालय शेखपुरा, इस्लामिया उचित विद्यालय शेखपुरा, डीएम उच्च विद्यालय शेखपुरा, उच्च विद्यालय बरबीघा, राज राजेश्वर उच्च विद्यालय बरबीघा, संजय गांधी स्मारक महिला कॉलेज शेखपुरा, मुरलीधर मुरारका बालिका उच्च विद्यालय शेखपुरा, रामप्रसाद भागवती चरण आदर्श टाउन उच्च विद्यालय बरबीघा में परीक्षा आयोजित होगी, जिसमे कुल 3000 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा एकल पाली में प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक आयोजित होगी तथा अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय प्रातः 09:30 बजे निर्धारित है।
बैठक में अपर समाहर्ता ( विभागीय जांच,) सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, विक्षक, पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थिति थे।