सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाराहाट में प्रसूता के साथ दुर्व्यवहार मामले में जिलाधिकारी ने 1 घंटे के भीतर की त्वरित कार्रवाई: संबंधित निजी क्लिनिक सील, दोषी एएनएम के विरुद्ध निलंबन की प्रक्रिया शुरू
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाराहाट में मरीज एवं परिजनों के साथ दुर्व्यवहार तथा लापरवाही के एक मामले में जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए 1 घंटे के भीतर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांचोपरांत संबंधित निजी क्लीनिक को विधिवत सील कर दिया गया है तथा दोषी स्वास्थ्य कर्मी के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
मौसम देवी (पति- धर्मेंद्र मांझी, साकिन- चौबेडीह, थाना- बाराहाट, जिला- बांका) द्वारा अपनी बहन सुमन कुमारी को प्रसव पीड़ा के उपरांत 01 सितंबर 2026 को बाराहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। परिवादी द्वारा स्वयं जिला पदाधिकारी के समक्ष आज दिनांक 3 /09/2026 को अपराह्न 3:30 पर लिखित अभ्यावेदन समर्पित कर आरोप लगाया गया कि उक्त केंद्र में पदस्थापित एएनएम इंदु कुमारी द्वारा प्रसूता एवं परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। साथ ही, सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित करते हुए मरीज को निजी अस्पताल ले जाने का अनुचित दबाव बनाया गया।
आवेदन प्राप्त होते ही जिला पदाधिकारी द्वारा मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (सिविल सर्जन), बांका को अविलंब जांच दल गठित कर स्थल निरीक्षण एवं तथ्यात्मक जांच का निर्देश दिया गया।
सिविल सर्जन द्वारा समर्पित प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन में प्रथम दृष्टया अनियमितता एवं गंभीर कदाचार पाए जाने के पश्चात सक्षम प्राधिकार द्वारा संबंधित स्वास्थ्य केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
कर्तव्य में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं दुर्व्यवहार की दोषी एएनएम इंदु कुमारी के विरुद्ध बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली के तहत निलंबन की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
जिला पदाधिकारी, बांका ने इस अवसर पर स्पष्ट निर्देश दिया है कि लोक स्वास्थ्य सेवाओं में शिथिलता, भ्रष्टाचार अथवा मरीजों व आमजनों के साथ किसी भी प्रकार का अशोभनीय व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मियों एवं पदाधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता और निष्ठा के साथ दायित्व निर्वहन का निर्देश दिया गया है। भविष्य में इस प्रकार के कृत्य पाए जाने पर कठोरतम अनुशासनात्मक व विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
11 views | Banka, Bihar | Sep 3, 2026