80 साल की बुजुर्ग महिला पेंशन लेने कलेक्ट्रेट पहुंची : कहा- फिंगरप्रिंट नहीं आने पर 5 साल पहले अफसरों ने बंद कर दी; चैंबर से बाहर आए कलेक्टर। जालोर जिला कलेक्ट्रेट में बुधवार को सरकारी व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। 80 साल की दृष्टिहीन बुजुर्ग महिला कोकु देवी पेंशन की फरियाद लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची। बताया- बुजुर्ग होने के कारण बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान उसके हाथों के निशान स्पष्ट नहीं आ रहे थे। इसके कारण करीब 5 साल पहले उसकी पेंशन बंद कर दी गई। वे 5 सालों से सरकारी ऑफिसों में भटक रही है, लेकिन पेंशन चालू नहीं हुई। आखिरकार वे बुधवार को कलेक्टर से गुहार लगाने पहुंची। हालांकि जानकारी मिलते ही कलेक्टर अपने चैंबर से बाहर आए और गैलरी में ही बुजुर्ग महिला की समस्या सुनकर समाधान के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे ने कहा- अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोकु देवी की बंद पेंशन शीघ्र शुरू कराई जाए, उन्हें आवास योजना सहित सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिन दस्तावेजों की कमी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बनवाया जाए। मामले को निस्तारण कर दिया गया है। अफसरों को भी निर्देशित किया है कि बुजुर्ग के मामलों को प्राथमिकता से सुना जाए और उनकी समस्याओं को हाथों-हाथ समाधान हो। इस मामले में भी जरूरी निर्देश दे दिए हैं, पेंशन जल्द ही मिलना शुरू हो जाएगी।
Jalor, Jalor | Jul 1, 2026