बज्जू पुलिस ने 31 मामलों में जब्त 524 लीटर अवैध शराब पर चलाया बुलडोजर
बीकानेर - अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना बज्जू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 आबकारी प्रकरणों में जब्त 524 लीटर अवैध देशी शराब, अंग्रेजी शराब एवं बीयर का नियमानुसार नष्टीकरण किया। पुलिस ने जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर जब्त शराब को खाली बारदाने सहित जमीन में दबाकर नष्ट कर दिया। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं पंचनामा तैयार कर न्यायालय और विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की गई।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश (IPS) एवं मृदुल कच्छावा (IPS) तथा पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष मालखाना निस्तारण अभियान के तहत की गई। अभियान का पर्यवेक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा (RPS) एवं वृत्ताधिकारी कोलायत संग्राम सिंह (RPS) ने किया।
बज्जू थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक जगदीश प्रसाद पांडर के नेतृत्व में पूरी कार्रवाई पारदर्शिता और कानूनन प्रक्रिया के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। अपराध नियंत्रण और अवैध शराब के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही बज्जू पुलिस ने इस अभियान के माध्यम से अवैध कारोबारियों को सख्त संदेश दिया। थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद पांडर के नेतृत्व में थाना पुलिस की सक्रिय कार्यशैली एक बार फिर देखने को मिली, जिसे क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग का उदाहरण माना जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान जिला आबकारी अधिकारी संतोष कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। वहीं हेड कांस्टेबल धर्मवीर (मालखाना प्रभारी) एवं कांस्टेबल हनुमानराम (मालखाना सहायक) ने निस्तारण प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
कार्रवाई में शामिल टीम:
संतोष कुमार, जिला आबकारी अधिकारी (मय टीम)
जगदीश प्रसाद पांडर, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारी, बज्जू
धर्मवीर, हेड कांस्टेबल-59, मालखाना प्रभारी
हनुमानराम, कांस्टेबल-1982, मालखाना सहायक
बज्जू पुलिस की इस कार्रवाई को मालखाने में लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, पारदर्शी पुलिस कार्यप्रणाली और अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।