#haridwar : त्योहारों को लेकर ज्वालापुर पुलिस अलर्ट, बाजारों में की पैदल गश्त, क्या बोले एसपी सिटी दीपक सिंह : देखें वीडियो
भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, मोबाइल और पर्स की सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
हरिद्वार। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस ने आमजन एवं व्यापारियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के आदेश और एसपी सिटी दीपक सिंह के निर्देशन में की गई इस गश्त के दौरान पुलिस टीम ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग करते हुए असामाजिक तत्वों पर सतर्क निगरानी रखी गई। पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में लगातार प्रभावी गश्त और निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस ने आमजन को सलाह दी कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर जाते समय अपने मोबाइल फोन, पर्स और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें, ताकि जेबकतरी और चोरी जैसी घटनाओं से बचा जा सके।
एसपी सिटी दीपक सिंह ने कहा कि आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस सतर्क है। आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सजग है।
Haridwar Stambh Vasudev Haridwar Police Uttarakhand Police