अंबिकापुर में जमीन विवाद के चलते घायल बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान 60 वर्षीय रामपति के रूप में हुई है, जो ग्राम पंचायत कंठी की निवासी थीं। जानकारी के अनुसार, 7 जून को जमीन विवाद को लेकर दूसरे पक्ष द्वारा मारपीट किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के बाद उन्हें अंबिकापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पांच दिनों तक इलाज चलने के बाद 12 जून की शाम उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पुलिस सहायता केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, महिला का शव अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है और पुलिस शनिवार को पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई करेगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।