चूरू अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर विधायक सहारण नाराज, अधीक्षक को लगाई फटकार
चूरू। राजकीय भरतिया अस्पताल में सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर रविवार को विधायक हरलाल सहारण और नगर परिषद सभापति विनय गोयनका ने अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगह अव्यवस्थाएं मिलने पर विधायक ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक चौधरी को फटकार लगाई।
विधायक सहारण ने कहा कि सरकार अस्पताल की सफाई व्यवस्था के लिए राशि उपलब्ध कराती है, इसके बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होना गंभीर विषय है।
सहारण ने बताया कि अस्पताल में करीब 80 सफाईकर्मी तीन शिफ्ट में लगाए गए हैं। एमआरएस की बैठक में सफाईकर्मियों के ड्रेसकोड में आने का निर्णय लिया गया था, लेकिन इसकी पालना नहीं हो रही। उन्होंने नियमों की अनदेखी करने वाले कर्मचारियों को हटाने के निर्देश दिए। अधीक्षक ने बताया कि ऐसे कर्मचारियों का भुगतान काटा जा रहा है। इस पर सभापति विनय गोयनका ने कहा कि केवल भुगतान काटना समाधान नहीं है।
विधायक ने कहा कि सफाई व्यवस्था के लिए अतिरिक्त राशि की आवश्यकता होगी तो वह भी उपलब्ध कराई जाएगी, लेकिन अस्पताल में सफाई व्यवस्था हर हाल में दुरुस्त होनी चाहिए।
सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए निरीक्षण में सर्जिकल वार्ड, मेडिसिन आईसीयू, फीमेल मेडिकल वार्ड, ट्रोमा सेंटर, मातृ-शिशु अस्पताल और नई इमरजेंसी सहित विभिन्न वार्डों का जायजा लिया गया। विधायक और सभापति ने मरीजों व परिजनों से उपचार, दवाइयों और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान फीमेल मेडिकल वार्ड में खुला बिजली बोर्ड मिला। पुरानी बिल्डिंग में टूटी टाइलें तथा ब्लड कलेक्शन सेंटर के पास शौचालय का टूटा दरवाजा भी मिला। अधिकारियों को इन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
सभापति विनय गोयनका ने कहा कि यदि अस्पताल की सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो नगर परिषद अस्पताल की सफाई की जिम्मेदारी लेने पर भी विचार कर सकती है।
#tharkiawaazajay #churu #BJP4IND #GovtHospital #hospitality
Churu, Churu | Oct 4, 2026