डोमचांच में एक जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले ने नया मोड़
कोडरमा : डोमचांच में एक जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि यह सिर्फ जमीन विवाद नहीं, बल्कि रंगदारी, लेवी, धमकी और दबाव बनाने का मामला है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है। कोडरमा में बैद्यनाथ प्रसाद स्नेही बीएड कॉलेज के संयोजक के भाई प्रियांशु कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वर्ष 2021 में खरीदी गई 4.66 डिसमिल जमीन का 15 जून 2026 को म्यूटेशन होने के बाद उनसे कथित रूप से रंगदारी और लेवी मांगी जाने लगी। आरोप है कि रकम नहीं देने पर उनका पीछा किया गया, कॉल ट्रेसिंग, लोकेशन ट्रैकिंग और जान से मारने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
पीड़ित पक्ष प्रियांशु कुमार का कहना है कि मामले को जानबूझकर "जमीन विवाद" का रूप दिया जा रहा है, जबकि उनका दावा है कि असल मुद्दा कथित रंगदारी और दबाव बनाकर चल रहे सिविल मुकदमों को वापस कराने का है। उनका कहना है कि जिन लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, वे जमीन विवाद के मुकदमों में पक्षकार होने के कारण शामिल हैं, इसे व्यक्तिगत जमीन विवाद बताना सही नहीं है।
प्रियांशु कुमार ने दावा किया कि उनके पास कॉल रिकॉर्डिंग, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मौजूद हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और स्थानीय थाना में लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।मामले की जांच पुलिस और प्रशासन के स्तर पर जारी है।
Koderma, Kodarma | Jul 23, 2026