डीएम व एसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
देवरिया, 09 जून। उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बीआरडी इंटर कॉलेज, न्यू कॉलोनी देवरिया तथा जनता इंटर कॉलेज, सोनूघाट पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, प्रवेश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा इंतजामों का गहन अवलोकन किया गया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता हर हाल में बनाए रखी जाए। उन्होंने किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने और अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Deoria Post DM Deoria