प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
शीर्षक: कोल्हुआ के धोबघट में मदन सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ। जिला पदाधिकारी ने किया उद्घाटन, कहा—सरकार और जिला प्रशासन के प्रयासों से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकेंगी जमुई की खेल प्रतिभाएं।
जमुई: गिद्धौर प्रखंड के कोल्हुआ स्थित धोबघट खेल मैदान में बीते कल गुरुवार को स्वर्गीय मदन सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। मां काली फुटबॉल क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट का उद्घाटन जिला पदाधिकारी ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, गणमान्य अतिथि एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने कहा कि जमुई जिले की मिट्टी में खेल के प्रति विशेष लगाव और समृद्ध खेल संस्कृति की परंपरा रही है। खेल केवल शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का सशक्त साधन भी है। खेल संस्कृति से जुड़ना अपनी मिट्टी, अपनी परंपरा और अपनी पहचान से जुड़ना है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी लगन, मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
जिला पदाधिकारी ने जिले के अतीत का उल्लेख करते हुए कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव के कारण जमुई में विकास की अनेक संभावनाएं प्रभावित हुईं। इसका असर न केवल आधारभूत संरचनाओं और विकास कार्यों पर पड़ा, बल्कि यहां की खेल प्रतिभाओं को भी अपेक्षित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि अब नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्ति के बाद जिले में विकास की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं और खेल के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में जमुई के खिलाड़ी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान स्थापित कर जिले का नाम रोशन करेंगे।
अंत में, जिला पदाधिकारी ने आयोजन समिति को इस सराहनीय पहल के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा जिले की समृद्ध खेल संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच मुंगेर जिले के शंकर स्पोर्ट्स इलेवन क्लब, धरहरा (बिहार) और बाबूमहल, दुमका (झारखंड) की टीमों के बीच खेला गया। मुकाबला शुरुआत से ही रोमांचक रहा और मध्यांतर तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। निर्धारित समय में मुकाबले का फैसला नहीं होने पर टाईब्रेकर का सहारा लिया गया, जिसमें धरहरा की टीम ने 5-4 से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया। धरहरा टीम के जर्सी नंबर 10 के खिलाड़ी मोहम्मद अब्दुल को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
स्वर्गीय मदन सिंह की स्मृति में आयोजित यह फुटबॉल टूर्नामेंट क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ने के साथ जिले की समृद्ध खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Home Department, Govt. of Bihar
Art, Culture and Youth Department, Government of Bihar
Bihar Youth news
#CMSamrat
#samratchoudhary
Jamui, Bihar | Oct 23, 2026