देहरादून से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है... जहां बकाया मजदूरी मांगने पहुंचे एक शख्स पर 72 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी महिला के हाथ से सोने का कंगन लेकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
दरअसल, रायपुर थाना क्षेत्र में 112 कंट्रोल रूम पर एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी घर में बेहोश पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर 72 वर्षीय रेखा बंसल बेसुध हालत में मिलीं। 108 एंबुलेंस की टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया और घटनास्थल से सबूत जुटाए। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और सर्विलांस के जरिए संदिग्ध की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस का शक विनीत कुमार नाम के शख्स पर गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से बुजुर्ग महिला का सोने का कंगन, वारदात में इस्तेमाल धातु का कड़ा और मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तरकाशी का रहने वाला है और देहरादून में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। वह रेखा बंसल के पति की बुक शॉप में हेल्पर के तौर पर भी काम कर चुका था और करीब 15 साल से परिवार को जानता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कुछ पैसे कथित तौर पर लंबे समय से बकाया थे। इन्हीं पैसों को मांगने के लिए वह घटना वाले दिन घर पहुंचा था। वहां रेखा बंसल से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में उसने धातु के कड़े से महिला के चेहरे पर हमला किया और फिर उनका मुंह और नाक दबा दिया।
महिला की मौत होने का अंदेशा होने के बाद आरोपी ने उनके हाथ से सोने का कंगन निकाला और मौके से फरार हो गया। इसके बाद उसने गेस्ट हाउस पहुंचकर कपड़े भी बदल लिए, लेकिन सीसीटीवी और तकनीकी जांच के चलते पुलिस से ज्यादा देर बच नहीं सका।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
#उत्तराखंड #उत्तराखंडसमाचार #देहरादून #देहरादूनन्यूज #क्राइमअलर्ट #क्राइमन्यूज