जिला कांगड़ा में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों की रोकथाम तथा आमजन एवं पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 11.07.2026 की रात्रि को डीआईजी उत्तरी परिक्षेत्र एवं पुलिस अधीक्षक, जिला कांगड़ा के नेतृत्व में जिला कांगड़ा के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक रात्रि गश्त एवं नाका चेकिंग अभियान चलाया गया ।
इस दौरान अधिकारियों द्वारा विभिन्न पुलिस नाकों का निरीक्षण किया गया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस कर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की प्रभावी जांच करने, रात्रि गश्त को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों की रोकथाम हेतु सतर्क एवं पेशेवर ढंग से कार्य करने तथा आम जनता को आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त मैक्लोडगंज, धर्मकोट एवं धर्मशाला बाजार क्षेत्र में स्थित होटलों, बारों तथा अन्य खान-पान प्रतिष्ठानों का भी विशेष निरीक्षण एवं चेकिंग की गई। इस दौरान संबंधित संचालकों एवं प्रबंधकों को पर्यटकों के अभिलेखों का विधिवत संधारण करने, निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
इस अभियान का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा। जिला कांगड़ा पुलिस भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष अभियान निरंतर जारी रखेगी, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।