Jhansi: चीनी के बढ़ते दामों को लेकर चीनी के गोदामों पर SDM मऊरानीपुर की छापेमारी, स्टॉक की हुई जांच
चीनी की उपलब्धता, स्टॉक और भंडारण की स्थिति को लेकर उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर मनोज कुमार ने विभिन्न डीलरों के प्रतिष्ठानों एवं चीनी के गोदामों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान गोदामों में उपलब्ध चीनी के स्टॉक का जायजा लेने के साथ संबंधित अभिलेखों की भी जांच की गई।
एसडीएम मनोज कुमार ने गोपाल दास नगरिया, आलोक इंटरप्राइजेस, रमेश चंद्र, विजय इंटरप्राइजेस और यश इंटरप्राइजेस के चीनी गोदामों पर पहुंचकर स्टॉक की स्थिति देखी। अधिकारियों ने डीलरों से स्टॉक से संबंधित जानकारी ली और उपलब्ध चीनी का मौके पर सत्यापन किया।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन की ओर से चीनी कारोबारियों के लिए 1 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक स्टॉक लिमिट लागू की गई है। निर्धारित सीमा यानी 4000 हजार कुंतल से अधिक चीनी का भंडारण न करने और स्टॉक की नियमित जानकारी पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम ने संबंधित डीलरों को स्टॉक लिमिट और शासन के निर्देशों का पालन करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की जांच कार्रवाई से चीनी कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
Jhansi, Jhansi | Aug 26, 2026