#आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर कंटेनर-डंपर की भीषण भिड़ंत, दोनों वाहनों में लगी आग, डंपर चालक-क्लीनर जिंदा जले, बाइक सवार समेत कई घायल,आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर खंदौली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 6 बजे कंटेनर और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर की जलकर मौत हो गई। सूचना पर खंदौली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के मुताबिक हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के दौरान एक बाइक भी ट्रक के नीचे घुस गई, जिससे बाइक सवार घायल हो गया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजे गए हैं।
एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है।
#Agra #RoadAccident #Khandauli #BreakingNews #AligarhHighway
Koil, Aligarh | Oct 3, 2026