कुल्लू के सुल्तानपुर की महिला श्रद्धालु की गुम्मा में दर्दनाक मौत
मां सिमसा मंदिर जा रहे परिवार पर पानी पीते समय गिरी चट्टान, सात घायल
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल के गुम्मा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में कुल्लू के सुल्तानपुर निवासी रामेश्वरी शर्मा (पत्नी गोपालकृष्ण) की मौत हो गई। हादसे में परिवार के सात अन्य सदस्य घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, कुल्लू से एक परिवार दो वाहनों में सवार होकर मां सिमसा मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे गुम्मा के पास सभी लोग रास्ते में पानी पीने के लिए रुके। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी चट्टान गिर गई, जिसकी चपेट में आने से रामेश्वरी शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य सदस्य घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Kullu, Kullu | Jul 24, 2026