रावण दहन कार्यक्रम को लेकर पुलिस अलर्ट, रामलीला ग्राउंड की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र स्थित रामलीला ग्राउंड में रावण दहन कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह और एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सीसीटीवी निगरानी और बैरिकेडिंग सहित सुरक्षा के इंतजामों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों से संवाद कर आयोजन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग करने और सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि रावण दहन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
सोर्स: मीडिया सेल, पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर