अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
बरेली। अधिवक्ताओं की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण से जुड़ी मांगों को लेकर ऑल इंडिया लायंस एसोसिएशन की ओर से 23 सितंबर को बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन और राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया। जिला अध्यक्ष टीआर लोधी ने बताया कि अधिवक्ता बिना किसी भय के आम जनता के अधिकारों के लिए खड़ा होता है, लेकिन उसकी अपनी सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक संरक्षण को लेकर कई समस्याएं हैं।
संगठन ने अधिवक्ताओं की मृत्यु या सेवानिवृत्ति पर उनके परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, पांच लाख रुपये तक निशुल्क चिकित्सा सुविधा, नए अधिवक्ताओं को 10 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय और चैंबर की व्यवस्था समेत अन्य मांगें उठाई हैं। साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए तत्काल एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की मांग की गई है।
जिला अध्यक्ष टीआर लोधी ने बताया कि इन्हीं मांगों को लेकर 28 सितंबर, सोमवार को बरेली में जिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक अधिवक्ताओं से सम्मेलन में पहुंचने की अपील की। इस दौरान जिला सचिव अधिवक्ता अखिलेश सिंह मौजूद रहे।
#Bareilly #news #live