अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नेशनल पब्लिक स्कूल में हुआ भव्य आयोजन
देवरिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहर स्थित नेशनल पब्लिक स्कूल, सोन्दा में शनिवार को योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मृदुला सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रशिक्षित योग शिक्षक विक्रम झा ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, पद्मासन तथा सूर्य नमस्कार सहित कई योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया। ध्यान (मेडिटेशन) के माध्यम से मानसिक शांति एवं एकाग्रता बढ़ाने के उपाय भी बताए गए।
प्रधानाचार्या श्रीमती मृदुला सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति है। योग शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में जोड़कर संपूर्ण स्वास्थ्य प्रदान करता है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक संजय शंकर मिश्र ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसंबर 2014 को 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की थी। भारत के प्रस्ताव को विश्व के अनेक देशों का समर्थन मिला, जिसके परिणामस्वरूप आज योग वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है। उन्होंने सभी को प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका प्रिया मिश्रा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।