रीवा में मुख्यमंत्री का औचक दौरा, बाढ़ प्रभावितों से मिले डॉ. मोहन यादव
जलभराव वाले क्षेत्रों का किया निरीक्षण, प्रभावितों को मुआवजा देने का ऐलान
रीवा। बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित रीवा जिले के हालात का जायजा लेने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को अचानक रीवा पहुंचे। उन्होंने रीवा एयरपोर्ट पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और इसके बाद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर प्रभावित लोगों से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रभावित इलाकों में पानी निकासी की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां जलभराव है, वहां से पानी जल्द से जल्द निकाला जाए और प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
घरों और फसलों को हुआ नुकसान
रीवा नगर निगम क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में बाढ़ के कारण कई लोगों के घर प्रभावित हुए हैं। घरों में रखा राशन, कपड़े, बर्तन और रोजमर्रा का सामान खराब होने की जानकारी सामने आई है। वहीं खेतों में पानी भरने से किसानों की फसलें भी प्रभावित हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं तथा जिनकी जनहानि या पशुहानि हुई है, उन्हें शासन की ओर से नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। किसानों की फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराया जाएगा और सर्वे के आधार पर प्रभावित किसानों को राहत प्रदान की जाएगी।
राहत कैंपों से मिली लोगों को मदद
बाढ़ के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में राहत कैंप संचालित किए गए। बारिश थमने और पानी उतरने के बाद प्रभावित लोग वापस अपने घरों की ओर लौटे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को फिर से मजबूत किया जाए और जरूरतमंद परिवारों तक राहत समय पर पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में बाढ़ और जलभराव से उत्पन्न स्थिति पर चर्चा हुई। सरकार ने प्रभावित परिवारों के साथ संवेदनशीलता के साथ खड़े रहने और नुकसान का आकलन कर नियमानुसार राहत देने का भरोसा दिलाया।
Gopadbanas, Sidhi | Aug 23, 2026