*मलेरिया एवं डेंगू नियंत्रण हेतु शहरी क्षेत्र उज्जैन में सघन लार्वा सर्वे, मैदानी अमले ने किया घर-घर निरीक्षण*
उज्जैन, 15 सितंबर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में मलेरिया एवं डेंगू रोग नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए 15 सितंबर 2026 को शहरी क्षेत्र उज्जैन में स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले द्वारा सघन लार्वा सर्वे अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं मैदानी अमले द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर मच्छरों के प्रजनन स्थलों की जांच की गई तथा नागरिकों को मलेरिया एवं डेंगू से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
लार्वा सर्वे के दौरान घरों, प्रतिष्ठानों एवं आसपास के क्षेत्रों में कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायरों, डिब्बों, पात्रों, छतों एवं अन्य स्थानों पर जमा पानी की जांच की गई। जहां भी पानी जमा पाया गया, वहां उसे खाली करवाने, पात्रों की नियमित सफाई करने तथा पानी को ढंककर रखने के लिए नागरिकों को समझाइश दी गई। मच्छरों के लार्वा पाए जाने वाले स्थानों पर नियमानुसार आवश्यक नियंत्रणात्मक कार्रवाई भी की गई।
सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार पटेल ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर एवं आसपास पानी जमा न होने दें। सप्ताह में कम से कम एक दिन कूलर एवं पानी रखने वाले पात्रों को खाली कर अच्छी तरह साफ करें। पानी की टंकियों एवं अन्य जल पात्रों को हमेशा ढंककर रखें। घर के आसपास पुराने टायरों, टूटे-फूटे बर्तन, डिब्बों एवं अन्य अनुपयोगी सामग्री में वर्षा का पानी जमा न होने दें।
जिला मलेरिया अधिकारी श्री डी. एस. सिसोदिया द्वारा बताया गया कि मलेरिया एवं डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर निगरानी, लार्वा सर्वे, जन-जागरूकता एवं मच्छर नियंत्रण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। मैदानी अमले को निर्देशित किया गया है कि वे संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर लार्वा स्रोतों की पहचान करें तथा नागरिकों को मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें।
बुखार आने पर इसे सामान्य न समझें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर चिकित्सकीय जांच एवं उपचार करवाएं। मलेरिया एवं डेंगू की समय पर पहचान और उपचार से गंभीर स्थिति से बचाव किया जा सकता है। “साफ-सफाई रखें, पानी जमा न होने दें—मलेरिया एवं डेंगू को दूर भगाएं।”
Umaria, Madhya Pradesh | Sep 15, 2026