जिले के सभी विद्यालयों में उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व
राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने, मटकी फोड़, रंगोली सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
सिंगरौली, 4 सितम्बर 2026। जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उत्साह, उमंग एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालयों में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल स्वरूप एवं उनके आदर्शों पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में सांदीपनी विद्यालय में जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राएं भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा की मनमोहक वेशभूषा में सजकर पहुंचे। बच्चों ने राधा-कृष्ण के स्वरूप में आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक रंगोलियां सजाईं।
जिले के अन्य विद्यालयों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर गीत, नृत्य, नाट्य, भजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, उनके जीवन प्रसंगों तथा श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रेम, सद्भाव, कर्म, धर्म एवं सत्य का संदेश दिया। विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों से वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवपूर्ण बना रहा।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ ही उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं कलात्मक प्रतिभा के विकास में सहायक होते हैं। विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों एवं श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
Jansampark Madhya Pradesh
Singrauli, Madhya Pradesh | Sep 4, 2026