NHAI के अधिकारियों की लापरवाही और कई समस्याओं के निदान को लेकर नितिन गडकरी से मिलीं विधायक....
मोहनिया की भाजपा विधायक संगीता कुमारी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से शिष्टाचार मुलाकात कर मोहनिया विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।
विधायक ने ज्ञापन के माध्यम से पुसौली बाजार स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (जीटी रोड) पर अंडरपास ब्रिज एवं सड़क के दोनों ओर पक्के नाले के निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे जलजमाव की समस्या दूर होगी तथा स्थानीय लोगों और राहगीरों को दुर्घटनाओं से राहत मिलेगी।
इसके अलावा कुदरा के सकरी मोड़ पर भारी वाहनों के लगातार आवागमन को देखते हुए अंडरपास अथवा ब्रिज निर्माण की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित होगी।
विधायक ने कुदरा क्षेत्र में आम लोगों, स्कूली बच्चों एवं बुजुर्गों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के शीघ्र निर्माण की स्वीकृति देने का भी अनुरोध किया।
संगीता कुमारी ने कहा कि मोहनिया विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास, सुरक्षित यातायात और बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय मंत्री के सहयोग से इन विकास कार्यों को जल्द स्वीकृति मिलेगी और क्षेत्र की जनता को इसका लाभ प्राप्त होगा।
Sangeeta Kumar National Highways Authority of India - NHAI Nitin Gadkari DrLakshman Sharan