जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, लखीसराय में तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ
लखीसराय। भारत की जनगणना 2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) के लिए आंकड़ों के संकलन संबंधी तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की।
16 से 18 जुलाई तक चलने वाले इस प्रशिक्षण के पहले दिन सूर्यगढ़ा प्रखंड के क्षेत्र पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। नोडल पदाधिकारी सह प्रशिक्षक राधे श्याम कुमार एवं प्रशिक्षक रवि चौधरी ने प्रतिभागियों को डेटा संकलन, उसकी शुद्धता, सत्यापन तथा निर्धारित पोर्टल पर समयबद्ध अपलोडिंग की विस्तृत जानकारी दी।
जिला पदाधिकारी ने सभी कर्मियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और जनगणना कार्य को शून्य त्रुटि के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य है, इसलिए आंकड़ों के संग्रहण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी प्रकार की कठिनाई होने पर जिला स्तरीय प्रशिक्षकों अथवा आवश्यकता पड़ने पर सीधे उनसे मार्गदर्शन लिया जा सकता है।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी पिंटू कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।