प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
03 अगस्त 2026
शीर्षक: जन-समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जिला पदाधिकारी ने जनता दरबार में दिए सख्त निर्देश।
जमुई: बिहार सरकार के 'सात निश्चय-3' के तहत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के प्रभावी क्रियान्वयन और लोक-शिकायतों के पारदर्शी व त्वरित निवारण के उद्वेश्य से आज समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला पदाधिकारी द्वारा 'जनता दरबार' का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के सुदूरवर्ती एवं ग्रामीण अंचलों से आए फरियादियों ने सीधे जिला पदाधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपनी-अपनी समस्याओं को रखा। जिला पदाधिकारी ने अत्यंत संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक फरियादी की बात सुनी और उन्हें नियमसंगत व त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आज आयोजित इस जनता दरबार में लोक-कल्याणकारी एवं विकासात्मक विभागों से जुड़े कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, पेंशन, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण, आवास योजना तथा गैस सिलेंडर आपूर्ति जैसे बुनियादी और संवेदनशील मुद्दे छाए रहे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का एक निश्चित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और की गई कार्रवाई की अनुपालन रिपोर्ट अविलंब जिला मुख्यालय को भेजी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को 'सुगम जीवन' की अनुभूति कराना है, इसलिए जन-समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर बरती गई शिथिलता, अनावश्यक विलंब या लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन के इस त्वरित, नियमसंगत और जन-उन्मुख रुख से जनता दरबार में पहुँचे फरियादियों ने गहरा संतोष व्यक्त किया।
#jamui #jamuinews Information & Public Relations Department, Government of Bihar
5 views | Jamui, Bihar | Aug 3, 2026