विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य की देखरेख के लिए गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति (DLMC) की बैठक संपन्न
कलेक्टर ने दिए मासिक कार्ययोजना और आगामी तिमाही की गतिविधियों के निर्देश
धार 9 जून 2026। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों तथा आयुक्त, उच्च शिक्षा विभाग के पत्र के अनुपालन में धार जिले में पूर्व से गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति (DLMC) की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आज जिला कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों के त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कलेक्टर द्वारा उपस्थित सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक व्यावहारिक मासिक कार्ययोजना (Monthly Action Plan) तैयार करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही उन्होंने निर्देशित किया है कि आने वाले तिमाही (Next Quarter) में आयोजित होने वाली सभी छात्र-हितैषी व मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी अगली बैठक में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।
उल्लेखनीय है कि यह समिति संपूर्ण धार जिले के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों पर पैनी नजर रख रही है, जिसके दायरे में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, कोचिंग संस्थान, प्रशिक्षण केंद्र तथा छात्रावास शामिल हैं। कलेक्टर की अध्यक्षता में कार्य करने वाली यह समिति सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन की निरंतर निगरानी कर रही है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए समिति के सदस्यों द्वारा शिक्षण संस्थानों का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है, विद्यार्थियों व अभिभावकों से शिकायतें प्राप्त की जा रही हैं और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध व त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। बैठक के अंत में कलेक्टर द्वारा सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ छात्र हित में पूरी संवेदनशीलता से कार्य करने की हिदायत दी गई है। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी, संबंधित समिति के सदस्य व अधिकारियों उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
21 views | Dhar, Madhya Pradesh | Jun 9, 2026