फर्जी दस्तावेजों से वाहन फाइनेंस कर लाखों की धोखाधड़ी, वांछित आरोपी गिरफ्तार
बरेली। थाना किला पुलिस ने श्रीराम फाइनेंस कंपनी के साथ कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वाहन फाइनेंस कर लाखों रुपये के गबन के मामले में वांछित आरोपी चन्द्रभानु निवासी कुंवरपुर तुलसीपट्टी, थाना क्योलड़िया को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मुखबिर की सूचना पर सत्यप्रकाश पार्क से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार श्रीराम फाइनेंस कंपनी के रीजनल बिजनेस हेड मुरसलीम की तहरीर पर 17 अप्रैल 2025 को थाना किला में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि कंपनी के कर्मचारियों समेत 42 लोगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर वाहनों का वित्तपोषण कराया और कंपनी की लाखों रुपये की रकम का गबन किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कंपनी में मार्केटिंग कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। ग्राहकों के दस्तावेजों के आधार पर वाहन फाइनेंस कराए जाते थे, लेकिन साथियों के साथ मिलकर फाइनेंस की पूरी राशि कंपनी में जमा नहीं की जाती थी। दस्तावेजों में हेरफेर कर शेष रकम आपस में बांट ली जाती थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
#bareillypolice
#viral
#BareillyNewsLive