माता मनसा देवी मंदिर में पंचकूला टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की शुरुआत के 24 घंटे के अंदर हिमाचल, चंडीगढ़, पंजाब और यूपी से आए 7 परिवारों को मिली राहत, अपनों से बिछड़े 6 बच्चें व 1 महिला को पुलिस ने परिवारों से मिलवाया
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन बोले- टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की अलग वर्दी से श्रद्धालुओं के लिए पुलिस तक पहुंचना हुआ और आसान, टीम द्वारा बिछड़े बच्चों व महिला को सकुशल मिलवाना सराहनीय
पंचकूला 12 अक्टूबर:- शारदीय नवरात्र के अवसर पर माता मनसा देवी मंदिर में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। मेले में उमड़ रही भीड़ के बीच बच्चों का परिजनों से बिछड़ जाना परिवारों के लिए चिंता का कारण बन सकता है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए मंदिर परिसर में स्थापित हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट ने अपनी उपयोगिता साबित करते हुए महज 24 घंटे के भीतर 7 बिछड़ों को सकुशल उनके परिजनों से मिलवाया जिनमें 6 छोटे बच्चे शामिल है। पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही सक्रियता दिखाते हुए तकनीक, लाउडस्पीकर से उद्घोषणा और त्वरित खोजबीन के माध्यम से बच्चों को तलाशकर उनके परिजनों तक पहुंचाया।
मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी ने 11 अक्टूबर को ही माता मनसा देवी मंदिर परिसर में स्थापित हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का उद्घाटन किया
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार पहले मामले में 11 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे हिमाचल प्रदेश से माता के दर्शन करने आए एक परिवार की दो वर्षीय बच्ची के बिछड़ने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की टीम ने तुरंत तलाश शुरू की और बच्ची को सकुशल उसके परिजनों से मिलवा दिया। बाकि सभी मामलें आज ही के है जिसमें दूसरे मामले में चंडीगढ़ से आए एक परिवार की पांच वर्षीय बच्ची मंदिर परिसर में परिजनों से बिछड़ गई। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए बच्ची को तलाशकर परिवार के सुपुर्द किया। तीसरे मामले में पंजाब से दर्शन करने आए परिवार का दो वर्षीय बच्चा मेले में बिछड़ गया, जिसे पुलिस टीम ने खोजकर सकुशल परिजनों से मिलवा दिया। चौथे मामले में उत्तर प्रदेश से आए परिवार की आठ वर्षीय बच्ची के बिछड़ने की सूचना पर टूरिस्ट पुलिस पोस्ट ने तत्काल कार्रवाई की और बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया। पांचवें मालमें में अभयपुर में रहने वाले एक परिवार माता के दर्शन करने पहुंचा इसी दौरान उनकी 8 वर्षीय बच्ची परिसर में बिछड़ गई जिसमें पुलिस की मदद से सकुशल मिलवा दिया गया। छठें मामलें में मूल रुप से उत्तरप्रदेश व हाल में पंजाब में रहने वाले एक 22 वर्षीय युवती अपने पति से बिछड़ गई थी जिसे जल्द ही पुलिस ने मिलवा दिया। सातवां मामले में पंजाब से आए परिवार की 6 वर्षीय बच्ची के बिछड़ने की सुचना मिलते ही टूरिस्ट पुलिस पोस्ट टीम ने सकुशल मिलवा दिया।
बच्चों के सकुशल मिलने पर उनके परिजनों ने पंचकूला पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं, मंदिर परिसर के दुकानदारों और अन्य श्रद्धालुओं ने भी पुलिस टीम की तत्परता और सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने बताया कि टूरिस्ट पुलिस की अलग वर्दी होने से श्रद्धालुओं के लिए पुलिसकर्मियों को पहचानना और उनसे सहायता लेना आसान होगा। यह टीम हरियाणा के साथ-साथ दूसरे राज्यों से माता के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच एक सेतु का कार्य कर रही है।
पंचकूला कमिश्नर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेले में छोटे बच्चों को अपने साथ रखते समय विशेष सावधानी बरतें, उनका हाथ पकड़कर रखें और बच्चों के बिछड़ने की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या टूरिस्ट पुलिस पोस्ट से संपर्क करें।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia