सिकंदराबाद में 2027 की सियासी आहट, आज़ाद समाज पार्टी ने तेज किया जनसंपर्क अभियान
सिकंदराबाद। वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होती नजर आ रही हैं। इसी क्रम में आज़ाद समाज पार्टी (ASP) के नेता एवं सिकंदराबाद विधानसभा से संभावित प्रत्याशी ललित भाटी ने क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर लोगों से जनसंपर्क किया।
ललित भाटी ने समकोला, गिरधरपुर नवादा, उस्तरा और सनोटा गांव पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास, रोजगार, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।
कुछ ग्रामीणों ने युवा नेतृत्व की आवश्यकता पर भी अपनी रायu व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र को ऐसा जनप्रतिनिधि चाहिए जो जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता दे। यह स्थानीय लोगों की राय है।
इस दौरान ललित भाटी ने दावा किया कि उनकी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार गांव-गांव पहुंच रही है और आने वाले विधानसभा चुनाव में बदलाव की राजनीति को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र की जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखना और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है।
हालांकि विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन विभिन्न राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे में सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र में भी जनसंपर्क अभियान और राजनीतिक सक्रियता लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है।
Gautam Buddha Nagar, Gautam Buddh Nagar | Jul 1, 2026