ओलंपिक डे पर सजेगा खेलों का महाकुंभ, हरियाणा के राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि
चंडीगढ़/फाजिल्का,22 जून(वर्मा): अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर 23 जून को सेक्टर-42 स्थित हॉकी स्टेडियम खेल भावना और ओलंपिक मूल्यों के रंग में रंगा नजर आएगा। हॉकी चंडीगढ़ द्वारा आयोजित इस विशेष समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
समारोह में यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, आईएएस तथा डीजीपी डॉ. सागरप्रीत हुड्डा, आईपीएस विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की मेजबानी हॉकी चंडीगढ़ के अध्यक्ष करण गिलहोत्रा व वाइस प्रेसिडेंट अनिल वोहरा करेंगे।
शाम 5:30 बजे शुरू होने वाले इस आयोजन में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रशासकों और खेल प्रेमियों की बड़ी भागीदारी रहने की उम्मीद है। करण गिल्होत्रा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा ओलंपिक के मूल मंत्र—एक्सीलेंस, फ्रेंडशिप और रिस्पेक्ट—को जन-जन तक पहुंचाना है। हॉकी चंडीगढ़ ने शहरवासियों को इस आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया है।