जेन जी अभिलाषा राज्य स्तरीय एकल गायन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
भिवानी, 06 सितंबर। नटराज कला मंच एवं लायंस क्लब भिवानी सुरभि के बैनर तले तथा वैश्य महाविद्यालय भिवानी के सहयोग से रविवार को वैश्य महाविद्यालय के सभागार में ‘ZenZ Abhilasha’ (जेन जी-अभिलाषा) नामक राज्य स्तरीय एकल गायन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न शहरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभाशाली गायकों ने अपनी गायन प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. वंदना पूनिया ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए प्रदेशभर से करीब 60 प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। निर्णायक मंडल द्वारा चयनित प्रतिभागियों ने फाइनल प्रतियोगिता में अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने अपनी मधुर आवाज और शानदार प्रस्तुतियों से सभागार में मौजूद संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता में पटियाला, चंडीगढ़, करनाल, रोहतक, रेवाड़ी, पानीपत, फतेहाबाद, कैथल, नरवाना, हिसार, जींद, हांसी, सिरसा, भिवानी, चरखी दादरी सहित विभिन्न शहरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए कलाकारों ने हिस्सा लिया। ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं ने भी अपनी प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
नटराज कला मंच के अध्यक्ष डॉ. करन पूनिया ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी की गायन प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध करवाना तथा संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि संस्थाओं की ओर से भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि गांवों और छोटे शहरों में छिपी प्रतिभाओं को प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संगीत के पुरोधाओं को सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों को भी तिलक, माला, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वैश्य महाविद्यालय भिवानी के प्राचार्य प्रो. संजय गोयल ने कहा कि नटराज कला मंच एवं सहयोगी संस्थाओं का प्रयास ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित मंच प्रदान करना है। गायन के साथ-साथ नृत्य, नाटक और अन्य कला विधाओं में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी संस्थाएं निरंतर प्रयासरत हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभागार में मौजूद संगीत प्रेमियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन ने युवा गायन प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के साथ-साथ अनुभवी संगीत साधकों से प्रेरणा लेने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।
बाइट. डॉक्टर वंदना पुनिया, डॉक्टर करण पूनिया, शिव रत्न गुप्ता, सचिन जैन, पवन बुवानीवाला संजय गोयल