गुरुग्राम के सेक्टर-50 में मंदिर की दीवार व मूर्तियां तोड़े जाने पर बवाल गुस्साए लोगों ने की सड़क जाम
साउथ सिटी 2 में मंदिर की दीवार और मूर्ति खंडित करने पर भड़के लोग
बाबा बालकनाथ मंदिर के बाहर भगवान की मूर्ति खंडित होने से स्थानीय निवासियों में रोष
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
एसीपी ने लोगो को समझाबुझा किया मामले को शांत
साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-50 स्थित साउथ सिटी-2 में बाबा बालकनाथ मंदिर की चारदीवारी और प्राचीन मूर्तियों को खंडित किए जाने के बाद स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और इस कार्रवाई को धार्मिक आस्था पर सीधा प्रहार बताते हुए विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे इलाके में आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और मंदिर के साधु-संतों ने प्रशासन व भू-माफिया की मिलीभगत पर गंभीर सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि करीब 70-80 साल पुराने और पंचायती जमीन पर बने इस मंदिर परिसर पर कुछ भू-माफिया जबरन कब्जा करना चाहते हैं। बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के जेसीबी और हाइड्रा मशीनों से मंदिर की दीवार गिरा दी गई तथा भगवान शिव और शीतला माता की मूर्तियों को खंडित कर दिया गया, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
सड़क जाम और बढ़ते हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ पहुंचे एसीपी ने मोर्चा संभाला। अधिकारियों ने गुस्साए श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ही लोगों का गुस्सा शांत हुआ और सड़क पर यातायात बहाल कराया जा सका। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।