मुरली पंचायत में आयोजित हुआ सहयोग शिविर, ग्रामीणों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुरली के पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को आमजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ सुगमता और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं लाभुकों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का लाभ उठाया।
सहयोग शिविर में सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. एवं उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने पहुंचकर शिविर में संचालित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। दोनों पदाधिकारियों ने विभिन्न काउंटरों पर पहुंचकर आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित कार्यों की जानकारी ली।
इस दौरान अधिकारियों ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों एवं लाभुकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं के त्वरित एवं नियमानुसार निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिविर के दौरान पात्र लाभुकों के बीच जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं राशन कार्ड सहित विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं योजनाओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों का वितरण किया गया। दस्तावेज प्राप्त होने के बाद लाभुकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के सहयोग शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पंचायत स्तर पर ही विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
शिविर में संबंधित विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
Supaul, Supaul | Sep 1, 2026