बांदा: किसान आंदोलन को ए.एस. नोमानी का समर्थन, मांगों के शीघ्र समाधान की उठाई आवाज
बांदा। चकबंदी प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और किसानों की भूमि से जुड़े मामलों को लेकर भारतीय किसान यूनियन एवं अन्य किसान संगठनों का धरना-प्रदर्शन कचहरी परिसर में लगातार जारी है। किसान अशोक लाट, जिलाधिकारी कार्यालय और उपजिलाधिकारी कार्यालय के बाहर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
इसी क्रम में बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ए.एस. नोमानी धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत किसानों को अपना समर्थन दिया। उन्होंने शासन और प्रशासन से किसानों की सभी जायज़ मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
ए.एस. नोमानी ने कहा कि किसानों का आंदोलन एक महीने से अधिक समय से चल रहा है, लेकिन अभी तक कोई जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनका समाधान करने के लिए आगे नहीं आया है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता की समस्याओं की अनदेखी उचित नहीं है और प्रशासन को तत्काल किसानों से वार्ता कर उनकी शिकायतों का निस्तारण करना चाहिए।
किसानों का आरोप है कि चकबंदी विभाग में भ्रष्टाचार और धांधली के कारण उनकी भूमि से संबंधित मामलों में अनियमितताएं हो रही हैं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। आंदोलनकारी किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
UP 90 Creator
#UP90Creator #Bundelkhand #Bundelkhand
#kisaan
Banda, Banda | Jul 7, 2026