*पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए दिशा-निर्देश*
*वोटर लिस्ट की शुद्धता, बूथ वेरिफिकेशन और मूलभूत सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस*
नगर/डीग, 14 सितम्बर। आगामी पंचायती राज चुनाव तथा नगरीय निकाय चुनाव-2026 के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने सोमवार को कलेक्ट्रेट से वीसी के माध्यम से उपखंड अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन नियमों एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने तथा चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार, उपखंड अधिकारी डीग अमित कुमार मीना सहित निर्वाचन प्रकोष्ठ के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगामी पंचायती राज चुनाव को देखते हुए मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं शुद्धीकरण पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम, उम्र, लिंग एवं फोटो से संबंधित किसी भी प्रकार की त्रुटि हो तो उसका नियमानुसार सुधार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल होने तथा सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
*सभी मतदान बूथों का कराएं वेरिफिकेशन*
उन्होंने आगामी पंचायती राज चुनाव के लिए सभी मतदान केन्द्रों का बूथ वेरिफिकेशन करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर बिजली कनेक्शन, पेयजल, रैंप, दरवाजे सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जांच की जाए। जिन मतदान केन्द्रों पर किसी सुविधा की कमी हो, वहां संबंधित विकास अधिकारी के माध्यम से आवश्यक कार्य समय पर पूरा करवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
*अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव की तैयारियों की भी समीक्षा*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन नियमों एवं प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्यवाही समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव के लिए नगर पालिका/नगर परिषद में आवश्यक स्थान की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। जहां निकाय कार्यालय में चुनाव प्रक्रिया के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं हो, वहां नियमानुसार उपयुक्त राजकीय भवन में स्थान चिन्हित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव सहित निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं निर्वाचन नियमों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। चुनाव प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।