*कलेक्टर ने निरीक्षण कर वर्षा जल भराव की स्थिति का लिया जायजा*
-----------
कलेक्टर ऊषा परमार ने गुरुवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर वर्तमान में जारी अतिवर्षा के कारण जल भराव की स्थिति का जायजा लिया और किसी भी आपात स्थिति पर आवश्यक राहत और बचाव कार्य के संबंध में त्वरित रूप से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में भमण के दौरान जिला कलेक्टर द्वारा स्थानीय रहवासियों से चर्चा कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ सड़क, पुल पुलिया, सार्वजनिक स्थल एवं नदी व तालाब क्षेत्र की स्थिति देखी। इस दौरान राहत व बचाव टीम को सतर्कता एवं समन्वय के साथ अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी दिवस में किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति में प्राथमिकता के साथ आपदा प्रबंधन कार्य संपादित किया जाए। जन हानि और पशु हानि सहित अन्य किसी भी नुकसान को रोकना पहली प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम और विभागीय अधिकारियों से आवश्यक चर्चा कर सतत् मॉनिटरिंग और पूरी गंभीरता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए निर्देशित भी किया। साथ ही बाढ़ आपदा जैसी स्थिति में महत्वपूर्ण सूचना वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साझा करने सहित कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर पर भी अवगत कराने के लिए कहा। उन्होंने एसडीईआरएफ और अन्य राहत बचाव टीम को आवश्यक उपकरणों के साथ सदैव मुस्तैद रहने की नसीहत भी दी।
Panna, Panna | Sep 3, 2026